सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक इंटर का छात्र बताया गया है। आरोपियों के पास से चोरी की दो बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए युवकों से पूछताछ के आधार पर कुछ और लोगों की तलाश की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी बीडी उनियाल के अनुसार बृहस्पतिवार की देर शाम करीब सवा सात बजे पुलिस गश्त कर रही थी। तभी ग्राम ढंडेरी ख्वाजगीपुर के पास उन्होंने एक बाइक पर सवार दो युवकों को देखकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार भागने लगे। इस पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम क्रमश: सन्नी उर्फ डॉन तथा शुभम निवासी ग्राम ढंडेरी ख्वाजगीपुर बताया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उनके पास से दो बाइक बरामद हुई है। इनमें से एक पिछले महीने रजवाड़ा फार्म हाउस से तथा दूसरी गंगनहर क्षेत्र से चोरी की गई थी। इनमें से शुभम इंटर का छात्र है, जबकि सन्नी नाई का काम करता है।