अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वा। छुट्टी घोषित होने पर स्कूल से लौट रही छठी कक्षा की छात्रा को सरेराह झाड़ियों में खींचकर रेप करने की कोशिश की गई। छात्रा के चीखने- चिल्लाने पर राहगीरों ने अधेड़ की जमकर धुनाई कर दी। रानीपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना दिल्ली पब्लिक स्कूल के पीछे के मार्ग पर शुक्रवार की है। पीड़िता एक निजी स्कूल में कक्षा छह की छात्रा है। वह शुक्रवार सुबह स्कूल गई तो पता चला कि स्कूल में अवकाश है। छात्रा अपनी साइकिल पर लौट रही थी कि सुनसान मार्ग पर पहुंचते ही उसकी साइकिल को पीछे से एक मोटरसाइकिल सवार अधेड़ ने टक्कर मार दी। छात्रा के नीचे गिरने पर अधेड़ उसे खींचकर झाड़ियों में ले गया, जहां उसके साथ रेप करना चाहा। छात्रा के चीखने- चिल्लाने की आवाज सुनकर राहगीर एकत्र हो गए। उन्होंने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसएसआई राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी रामकिशन पुत्र दर्शन निवासी शिवालिक नगर को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के पिता ने इस संबंध में छेड़छाड़, पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि आरोपी नशेड़ी प्रवृति का है।