हरिद्वार। फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर ग्राम प्रधान पद पर चुनाव लड़कर जीत दर्ज करने वाली गांव औरंगाबाद की हरदेश पत्नी साधुराम के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वर्ष 2015 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में औरंगाबाद के ग्राम प्रधान पर हरदेश ने ग्राम प्रधान के पद पर जीत दर्ज की थी। यह पद आरक्षित था। तब ग्राम प्रधान पद पर जीत दर्ज करने वाली हरदेश ने खुद को धनकर जाति का होना बताया था। चुनाव जीतने के बाद इस संबंध में जांच की गई थी तब उसका जाति प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया था। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जांच के बाद ग्राम प्रधान के पद से हरदेश को हटा दिया था। रविवार को हल्का लेखपाल प्रवीण सिंह की ओर से फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर ग्राम प्रधान निर्वाचित होने वाली हरदेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।