ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र के नटराज होटल में छापा मारकर एसओजी हरिद्वार ने लखनऊ के एक प्रेमी युगल, उनके तीन दोस्तों को पकड़कर हरिद्वार कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हरिद्वार पुलिस अब लखनऊ पुलिस के पहुंचने का इंतजार कर रही है। प्रेमी युगल अपने दोस्तों के साथ शनिवार को लखनऊ से फरार हुआ था। लखनऊ पुलिस ने रविवार को हरिद्वार पुलिस से संपर्क साधकर पांच नाबालिगों के घर से चले आने की जानकारी दी थी। इलेक्ट्रोनिक सर्विलांस की मदद से सामने आया था कि सभी नाबालिग उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में एक होटल में ठहरे है। रविवार की शाम एसओजी ने नटराज होटल में दबिश देकर भागकर आए सभी नाबालिगों को पकड़ लिया, फिर उन्हें हरिद्वार कोतवाली ले जाया गया। खड़खड़ी चौकी प्रभारी राजेंद्र रावत ने बताया कि ये सब लखनऊ के एलडीए कालोनी कानपुर रोड एवं अलीगंज क्षेत्र के रहने वाले है। प्रेमी युगल 11वीं का छात्र है। लखनऊ पुलिस के पहुंचने पर सभी को उनके सुुपुर्द कर दिया जाएगा। हैरानी की बात ये है कि नाबालिगों को कमरा किराए पर दे दिया था।