अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। यातायात पुलिस के दरोगा अरविंद सिंह राणा की पिटाई के मामले की जांच अब एसपी सिटी ममता वोहरा करेगी। इस बाबत डीजीपी अनिल रतूड़ी के निर्देश पर एडीजी कानून व्यवस्था
ने बाबत आदेश जारी कर दिए हैं।
16 जून को अलकनंदा तिराहे के पास पंजाब के जीरकपुर मोहाली के यात्री परिवार की दरोगा अरविंद सिंह राणा से भिड़ंत हो गई थी। यात्री परिवार पर दरोगा की पिटाई का आरोप लगाते हुए दो महिलाओं सहित चार लोगों की गिरफ्तारी की गई थी। दो दिन बाद पूरे मामले का वीडियो वायरल होने पर पुलिस की नींद उड़ गई थी।
वीडियो में यात्री और दरोगा आपस में मारपीट करते नजर आ रहे थे, लेकिन फिर दूसरे दृश्य में कई पुलिसकर्मी यात्री परिवार को डंडों से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहे थे। यात्री परिवार की गिरफ्तारी दरोगा की हत्या के प्रयास के आरोप में की गई थी। मामला उछलने पर आला अफसरान ने सीओ सिटी प्रकाश देवली को जांच सौंपी थी। सीओ सिटी ने जांच अधिकारी रहते हुए व्हाट्सअप ग्रुप पर पुलिस का समर्थन करते हुए एक वीडियो एवं मैसेज अपलोड किया था। बाद में डीजीपी अनिल रतूड़ी ने मामले का संज्ञान लेते हुए एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार को जांच के निर्देश दिए थे। अब एडीजी ने डीजीपी के निर्देश पर जांच एसपी सिटी ममता वोहरा को सौंपी है।