हरिद्वार। सिंह द्वार चौक से फलांगभर की दूरी पर एक कार सवार पर कातिलाना हमला किया गया। बेरहमी से पीटने के बाद तीन नकाबपोश हमलावर भाग निकले। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लाखों के लेनदेन से जुड़े मुकदमे को वापस लेने के लिए दबाव बनाने के लिए कातिलाना हमला कराया गया है। कनखल पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र की कृष्णानगर कालोनी निवासी मोहित तिवारी पुत्र राजेंद्र भूषण किसी काम से घर से बाहर गए थे। सिंह द्वार चौक से प्रेमनगर आश्रम चौक की तरफ जाते हुए उन्होंने लघुशंका के लिए कार रोकी। आरोप है कि इसी बीच तीन नकाबपोश युवक पहुंचे और डंडे से उनकी बेरहमी से पिटाई की। बुरी तरह घायल करने के बाद आरोपी मुकदमा वापस लेने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उनका खनन पट्टे से जुड़ा एक मुकदमा विचाराधीन है और उसी मुकदमे को वापस लेने के लिए उन्हें लगातार धमकी मिल रही है। मुकदमा वापस न लेने के चलते ही उन पर हमला किया गया है। थानाध्यक्ष ओमकांत भूषण ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।