ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
रायवाला क्षेत्र के एक युवक के बैंक खाते से 16 हजार की रकम निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रायवाला के हरिपुर कलां निवासी सुरेश सिंह पुत्र बल सिंह ने स्थानीय पुलिस से शिकायत कि की उसका खाता एसबीआई शांतिकुंज में है। आरोप है कि 20 फरवरी की सुबह उसके मोबाइल फोन पर खाते से 16 हजार की रकम निकालने का मैसेज आया। आरोप है कि उसने बैंक से कोई लेन देन नहीं किया। न ही उसके पास कोई फोन कॉल आई थी और न ही उसने एटीएम से रकम निकालने की कोशिश की थी। युवक ने बताया कि उसने जब अपनी पास बुक में एंट्री कराई तब रकम रेलवे स्टेशन के एटीएम से निकाले जाने की बात सामने आई। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।