हरिद्वार। जेल से कैदी गुरविंदर सिंह के वायरल हुए वीडियो की जांच कर रही सिडकुल पुलिस, कोर्ट से कैदी से पूछताछ करने के लिए अनुमति लेगी। सोमवार को पुलिस इस संबंध में कोर्ट में प्रार्थना पत्र दायर करेगी।
हरिद्वार जेल में दो कैदियों से मोबाइल फोन बरामद हो चुके हैं। इस बात से जेल प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें खींची हुई थी, लेकिन कैदी गुरविंदर के वीडियो वायरल होने पर जेल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह आनंद वर्द्धन ने पूरे प्रकरण पर जांच कमेटी गठित कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। इधर, सिडकुल पुलिस भी डिप्टी जेलर प्रेम सिंह चौहान की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमों की जांच को लेकर सक्रिय हो गई है। थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि वीडियो वायरल होने के मामले में कोर्ट से अनुमति लेकर कैदी गुरविंदर से पूछताछ की जाएगी। सोमवार को कोर्ट में अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र दायर किया जाएगा। एसओ ने बताया कि कैदियों से मोबाइल फोन मिलने के मामले में विवेचक ने जेल के बंदीरक्षकों के बयान दर्ज किए हैं। मामले की जांच की जा रही है।