पथरी। गंगा से हो रहे अवैध खनन की खरीददारी करने से स्टोन क्रशर मालिक बाज नहीं आ रहे हैं। पथरी पुलिस ने गांव कटारपुर से सटे शिव शक्ति क्रशर कैंपस से अवैध खनन से लदी 12 भैंसा बुग्गियां पकड़ी। जबकि चालक फरार हो गए। पथरी पुलिस ने क्रशर मालिक, मुंशी एवं अज्ञात भैंसा बुग्गी मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार देर रात एसओ दीपक कठैत को सूचना मिली की गंगा से अवैध खनन कर स्टोन क्रशर में पहुंचाई जा रही है। एसओ दीपक कठैत, फेरूपुर चौकी प्रभारी ओमकांत भूषण की अगुवाई में पुलिस टीम ने शिव शक्ति क्रशर पर छापा मारा। पुलिस को देखकर बुग्गी चालक भाग खड़े हुए। क्रशर के कर्मचारी भी मौका पाकर एक-एक कर खिसकते गए। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके से 12 बुग्गियां कब्जे में ली। जैसे-तैसे पुलिस ने बुग्गियां चौकी लाकर एक ग्रामीण की सुपुर्द की। देर रात स्टोन क्रशर मालिक, उसके मुंशी और बुग्गी मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। फेरूपुर चौकी प्रभारी ओमकांत भूषण ने बताया कि क्रशर मालिक, मुंशी एवं बुग्गी मालिकों की जल्द पहचान की जाएगी।