ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
मोबाइल फोन एप इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद मध्यप्रदेश के युवक के साथ फरार हुई ऋषिकेश की किशोरी को जीआरपी ने रेलवे स्टेशन हरिद्वार पर ही हिरासत में ले लिया। एक बारगी किशोरी और उसके दोस्त ने जीआरपी को गच्चा देना चाहा लेकिन सख्ती के बाद वह टूट गए। अलग अलग समुदाय से ताल्लुक रखने होने के चलते ऋषिकेश में बवाल होना तय था और किशोरी पक्ष ने कोतवाली भी घेर ली थी। बृहस्पतिवार की देर रात ही जीआरपी ने किशोरी और आरोपी को ऋषिकेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बृहस्पतिवार की देर शाम रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे एसओ अनुज सिंह को एक युवक और किशोरी पर संदेह हुआ। थाने लाकर जब पुलिस ने अलग अलग पूछताछ की तो हकीकत सामने आई। पूछताछ में सामने आया कि आठवीं कक्षा की छात्रा ऋषिकेश के एक संपन्न घराने से ताल्लुक रखती है। युवक ने अपना नाम शाहबाज खान पुत्र शादिक निवासी वार्ड नंबर 26 गवाल टोली जेल के पास छतरपुर मध्यप्रदेश बताया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि स्नातक की पढ़ाई कर रहे छात्र की मुलाकात मोबाइल फोन एप इंस्टाग्राम पर किशोरी से हुई थी। फिर दोस्ती प्रेम प्रसंग में तब्दील हो गई थी। वह बृहस्पतिवार को किशोरी को अपने साथ ले जाने के लिए ऋषिकेश पहुंचा था। छात्रा को अपने साथ लेकर मध्यप्रदेश रवाना होने के लिए रेलवे स्टेशन पर आया था। इधर, जब जीआरपी ने जब ऋषिकेश पुलिस से संपर्क साधा तब पता चला कि किशोरी के गायब होने पर परिजन ने कोतवाली घेर ली है और इस संबंध में अज्ञात अपहरणकर्ता के खिलाफ केस भी दर्ज करा दिया है। जीआरपी ने जब किशोरी को बरामद कर लेने के साथ आरोपी को दबोच लेने की बात बताई तब ऋषिकेश पुलिस ने राहत की सांस ली। एसओ अनुज सिंह ने बताया कि किशोरी और आरोपी को देर रात ही ऋषिकेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।