हरिद्वार। जेल में एक और बंदी के पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इस संदर्भ में जेल प्रबंधन की ओर से सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। डिप्टी जेलर प्रेम सिंह चौहान की ओर से सिडकुल थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि बुधवार की सुबह जब बंदी रक्षक निगरानी कर रहे थे तब बैरक संख्या चार बी में एक मोबाइल फोन चार्ज होता पाया गया। जानकारी करने पर पता चला कि यह मोबाइल बंदी देवराज उर्फ जॉनी का है। इससे पूर्व भी यहां कई बार मोबाइल फोन बरामद होते रहे हैं। जेल प्रशासन की सुरक्षा के तमाम दावों की पोल खुलती रही है। थानाध्यक्ष देवराज शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।