- हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
धनौरी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी के कुलसचिव केआर भट्ट ने कहा कि युवा पीढ़ी नौकरी और व्यवसाय के साथ ज्ञान अर्जन भी कर सकती है। विविकी ओर से ऐसे पाठ्यक्रम डिजाइन किए गए हैं जिनमें रोजगार की पर्याप्त संभावना है। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलसचिव ने कहा कि उत्तराखंड विवि ऐसे युवाओं के लिए वरदान बना है, जिन्होंने परिवार का सहारा बनने के लिए नौकरी अथवा व्यवसाय शुरू कर दिया था और पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बृजेश बनकोटी ने कहा कि उत्तराखंड विवि पूरे प्रदेश में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा ताकि कोई भी छात्र-छात्र पढ़ाई से वंचित न रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। प्राचार्य प्रो. मुनेंद्र सिंह ने कहा कि आज विवि छात्र-छात्राओं के लिए डोर टू डोर आ रहा है। सभी को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। इस मौके पर उप प्राचार्य डा. योगेश कुमार, अध्ययन केंद्र की कोऑर्डिनेटर डॉ. छवि त्यागी आदि मौजूद रहे।