हरिद्वार। जिला न्यायालय परिसर में कांग्रेसी नेता प्रमोद खारी और उनके दोस्त की पिटाई के मामले में नया मोड़ आ गया है। सिडकुल पुलिस ने कांग्रेसी नेता के भाई की शिकायत पर एक अधिवक्ता, उसके बेटे, एक अन्य व्यक्ति और उसके बेटे समेत पंद्रह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 17 फरवरी को देर शाम शिवालिक नगर के जे कलस्टर में रहने वाले कांग्रेसी नेता प्रमोद खारी, उसके भाई, पिता, ड्राइवर ने अपने समर्थकों के साथ पार्क में खेल रहे तीन छात्र बुरी तरह पीट दिया था। उसी रात को गांव रावली महदूद के रहने वाले एक छात्र के पिता सुखबीर की ओर से कांग्रेसी नेता, उसके पिता, भाई, ड्राइवर समेत छह अज्ञात के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस अभी जांच में ही जुटी थी कि 18 फरवरी को जिला कोर्ट परिसर में किसी कार्य से गए कांग्रेसी नेता, उसके दोस्त सुरेश मोहन को अधिवक्ताओं ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा था। अधिवक्ताओं ने कांग्रेसी नेता, उसके दोस्त को पकड़कर कोर्ट चौकी पुलिस को सौंपा था। शनिवार को सिडकुल थाने में कांग्रेसी नेता के भाई भारत खारी ने अधिवक्ता ऋषिपाल सैनी, उसके बेटे आयुष, दूसरे छात्र हर्ष, उसके पिता सुखबीर एवं पंद्रह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उसके भाई वं दोस्त से की गई मारपीट के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं।