अंकिता भंडारी प्रकरण सहित कई मुद्दों पर प्रदर्शन, तीन घंटे बाद रिहाई
हरिद्वार। हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को काले झंडे दिखाने जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब तीन घंटे बाद, अमित शाह के हरिद्वार से रवाना होने पर सभी कार्यकर्ताओं को रिहा किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अंकिता भंडारी प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में निष्पक्ष सीबीआई जांच, दोषी वीआईपी नेताओं की गिरफ्तारी, प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज व उनके शिष्यों के साथ हुई कथित अभद्रता जैसे मुद्दों पर काले झंडे दिखाने जा रहे थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और सोम त्यागी तथा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गौरव चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऋषिकुल तिराहे पर अमित शाह मुर्दाबाद, अमित शाह गो बैक और हिंदू विरोधी सरकार नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए। हाईवे की ओर बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया, जिससे धक्का-मुक्की हुई और लगभग 11 बजे सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया गया। अमित शाह के करीब डेढ़ बजे रवाना होने के बाद कार्यकर्ताओं को छोड़ा गया। मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि भाजपा सरकार में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं। गौरव चौहान और विकास चंद्रा ने महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार का आरोप लगाया। निखिल सौदाई और अखिल शर्मा त्यागी ने किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या का मुद्दा उठाया, जबकि विशाल प्रधान और सागर बेनीवाल ने बेरोजगारी व सार्थक ठाकुर और समर्थ अग्रवाल ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया इस दौरान उदित विद्याकुलज, कैश खुराना, अशोक अदालती, हरविंद्र सिंह, नितिन तेश्वर, समीर अंसारी, सौरभ सैनी, नवाब मलिक, राहुल चौहान, मृत्युजंय पांडे, मनोज जाटव, यश शर्मा, आशु श्रीवास्तव, हिना खातून, रियाजुल अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।