हरिद्वार। शांति एजुकेशनल सोसायटी की ओर से संचालित एसएम पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और समग्र विकास के लिए निशुल्क मल्टी-स्पेशलिटी मेडिकल कैंप लगाया गया। इसमें अनुभवी चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विद्यार्थियों की ऊंचाई, वजन, बॉडी मास इंडेक्स, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण, रक्त जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य रमणीक शाह सूद ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का उत्तम स्वास्थ्य भी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि, स्वस्थ विद्यार्थी ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। ऐसे स्वास्थ्य शिविर बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और समय रहते आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर सोसायटी के अध्यक्ष अभिजीत पवार, उप-प्रधानाचार्य रेखा शर्मा, मिनी पुरी, सोनिका गुलाटी, राहुल कुमार, इंदु चौहान, रूपाली चौधरी, वनिता साहू, दीपा छेत्री आदि मौजूद रहे।