फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जहां जलभराव और बाढ़ आई है उसे आपदा क्षेत्र घाेषित किया जाएगा : सीएम धामी

विज्ञापन
विज्ञापन
आपदाग्रस्त क्षेत्रों में तीन महीनों के बिजली बिल होंगे माफ : सीएम धामी
विज्ञापन




मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे और जिले में बाढ़ व जलभराव की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में बसपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों के जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया और उनके क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बैठक में जलभराव जैसी आपदा झेल रहे क्षेत्र के लोगों के तीन महीने के बिजली बिल माफ करने और सहकारी बैकों से ऋण लेने वालों को तीन महीने तक राहत देने की घोषणा की। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि हरिद्वार के जिन क्षेत्रों में जलभराव हुआ है या बाढ़ आई है उनको आपदा क्षेत्र घोषित किया जाएगा।



बैठक में शामिल लक्सर से बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद ने सोलानी नदी तटबंध की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि रेलवे के सात गेट में से दो शुरू हैं और पांच बंद हैं। उन्होंने बंद पांच गेट को तत्काल खोलने की मांग की। वहीं कृषि में लागत और इसके एवज में मुआवजे के प्रावधान को बेहद कम बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को लागत के अनुसार मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को मांगपत्र भी सौंपा।
विज्ञापन
विज्ञापन




भगवान से कांग्रेस विधायक ममता राकेश ने इमलीखेड़ा धनौरी मार्ग की बदहाली की समस्या उठाई। सीएम ने इसे तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल को दिए। रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने रुड़की में दो नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के चलते जलभराव हो रहा है। मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि फोर्स लेकर तत्काल अवैध अतिक्रमण तोड़ना शुरू करिए। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने राष्ट्रीय राजमार्ग का हाल बताया कहा कि ड्रेनेज सिस्टम ठीक नहीं है। बारिश का समूचा पानी खेतों में जा रहा है इससे बड़े क्षेत्रफल की खेती प्रभावित हो रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने जलभराव वाले क्षेत्र में जल जनित बीमारियों से बचाव के संबंध में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया। नगर विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने शहरी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता की और इसके उचित समाधान के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने सभी जन प्रतिनिधियों से मिले सुझाव पर तत्काल अमल करने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद व अन्य से भी सुझाव लिए। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, लव शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, पूर्व विधायक संजय गुप्ता के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों में सीडीओ प्रतीक जेन, एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, एसपी सिटी स्वतंत्र देव सिंह, एसपी क्राइम रेखा यादव, सीओ जूही मनराल आदि मौजूद रहीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें