हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में शंकराचार्य चौक के पास कार को पीछे से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। देहरादून निवासी अरुण बिष्ट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे शिवालिक नगर की ओर से देहरादून जा रहे थे। शंकराचार्य चौक के पास पीछे से आए हरियाणा नंबर के ट्रक ने उनकी थार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में उनके बाएं कंधे और कमर में भी जोर का झटका लगा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ट्रक मालिक भी वहां पहुंच गए। उनके साथ आए एक व्यक्ति ने खुद को अधिवक्ता बताते हुए धमकी भरे अंदाज में बात की। एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जांच की जा रही है। संवाद