हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में कार की टक्कर लगने से हुई किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने पिता की शिकायत पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस कार चालक की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, सुरेश शाह निवासी ऋषिकुल विद्यापीठ संस्कृत विद्यालय ऋषिकुल हरिद्वार ने शिकायत देकर बताया कि 13 जुलाई को उनका पुत्र कृष शाह स्कूटी से टिबड़ी फाटक गया था। लौटते समय हीरो वर्कशॉप के पास उसकी स्कूटी में तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक उसे छोड़कर भाग निकला था। जिला अस्पताल ले जाने पर उसे एम्स रेफर कर दिया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।