- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। मोबाइल फोन कारोबारी के साथ धोखाधड़ी कर 10 लाख रुपये हड़प लेने का मामला सामने आया है। रानीपुर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन सगे भाईयों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, अंशिल खन्ना निवासी शिवालिक नगर ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने सुनवाई के बाद रानीपुर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश जारी किए। अंशिल की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया कि शिवालिक नगर में ही उसकी नीलम कम्यूनिकेशन नाम से एक मोबाइल फोन की दुकान है। वर्ष 2017 से विशाल उपाध्याय निवासी तीन नंबर रोड सुमननगर को एकाउंटेंट के तौर पर रखा था। विशाल ही उनकी सभी जीएसटी व इनकम टैक्स आईटीआर की देखरेख करने लगा। आरोप लगाया कि उसकी जीएसटी पर उसने अपनी ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर डलवा लिया।
आरोप है कि विशाल लोगों से एकाउन्टेंट बताकर फर्जी रूप से रकम हड़पने लगा। अंशिल खन्ना की जीएसटी की करीब 10 लाख के फर्जी बिल बनाकर उन्हें एडिट कर हड़प लिया। जिसमें विशाल उपाध्याय और उसके भाई आकाश उपाध्याय व अमर उपाध्याय भी शामिल हैं। दोनों भी उससे नकदी लेकर जाते थे। आरोप है कि बीती 28 मई को विशाल, आकाश भेल में सीआईएसएफ गेट के पास मिले। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।