ज्वालापुर के एक स्टोर का कारोबारी रातोंरात करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया है। कारोबारी पर 80 लाख से अधिक बैंक का कर्ज बताया जा रहा है। जबकि हरिद्वार डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के सात लाख रुपये समेत करीब डेढ़ करोड़ रुपये स्थानीय आढ़तियों व कारोबारियों के बकाया चले आ रहे हैं। व्यापारी के फरार होने से हड़कंप मचा हुआ है। ज्वालापुर में आर्यनगर क्षेत्र में बड़ा किराना स्टोर है। स्टोर चलाने वाला कारोबारी अचानक गायब हो गया है। बताया गया कि उसने प्लॉट खरीद कर स्टोर बनाने के लिए बैंक से करीब 80 लाख रुपये का कर्ज लिया था। स्थानीय आढ़ती और एजेंसियों से भी लाखों रुपये का माल उठाया। कमेटी के नाम पर भी दर्जनों कारोबारियों के लाखों रुपये व्यापारी पर बकाया चले आ रहे हैं। कुल मिलाकर व्यापारी पर डेढ़ करोड़ से अधिक का कर्ज बताया जा रहा है। हरिद्वार डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों ने ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देकर व्यापारी के फरार होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों के करीब सात लाख रुपये फरार व्यापारी पर हैं। कोतवाल सीसी नैथानी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच की जा रही है।