हरिद्वार। नगर निगम के वार्ड-53 स्थित विष्णुलोक कॉलोनी के पास लगी हाईमास्ट लाइट से सभी बल्ब और मोटर चोरी कर ली गई। जमीन से कई फीट ऊंचाई पर लगे उपकरणों की चोरी ने न सिर्फ नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। संबंधित हाईमास्ट लाइट अप्रैल 2024 में करीब 5.80 लाख रुपये की लागत से स्थापित की गई थी। चोरों ने इसे ही निशाना बना लिया। सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर निरीक्षण कराया गया। प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित थाने में तहरीर दी जाएगी।