कनखल पुलिस ने बीटेक के छात्र को मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। लखनऊ निवासी आरोपी छात्र के कब्जे से 22 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जबकि छह स्कूटी की चाबी, 16 सिम कार्ड, तीन मेमोरी कार्ड भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक मामला बुधवार का है। जब शिवांश माहेश्वरी निवासी सुखदाम दादू बाग कनखल और उसका दोस्त यश राजपूत प्रेमनगर पुल के पास सतनाम साक्षी घाट पर आए थे। दोनों ने स्कूटी की डिग्गी में अपने मोबाइल फोन रख दिए। इसके बाद स्नान करने चले गए। जब वापस आए तो स्कूटी की डिग्गी खुली थी और मोबाइल गायब मिले। चोरी की सूचना उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों को दी। जिस पर तुरंत सीपीयू में तैनात हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह, कांस्टेबल प्रदीप सिंह ने एक युवक को पकड़ लिया।
थाने लाकर आरोपी से पुलिस ने पूछताछ की गई। जहां उसने अन्य जगह से भी मोबाइल चोरी की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने आरोपी नवनीत सिंह निवासी आगा मीर देवड़ी सुभाष नगर थाना वजीरगंज लखनऊ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रुड़की के बीएसएम कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है और कनखल में राजपूत धर्मशाला में रह रहा है। आरोपी को जेल भेज दिया है।
खर्च के पैसे न मिलने पर बन गया चोर
आरोपी छात्र घर से पैसे न मिलने के कारण परेशान था। इसके बाद उसने चोरी कर अपना खर्च निकालने का तरीका अपनाया। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी ने स्कूटी की काफी सारी चाबियां बनवा रखी थी। जिससे वह घाटों के आसपास खड़ी स्कूटी की डिग्गी में रखे मोबाइल फोन को चोरी करने लगा।