हरिद्वार। बियर बांटकर फॉलोवर बढ़ाने की कोशिश करने वाले यूट्यूबर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस के शिकंजा कसते ही यूट्यूबर पर खुद थाने पहुंचा और पुलिस से माफी मांगते हुए बियर बांटने वाले वीडियो डिलीट किए। पुलिस ने युवक का पुलिस एक्ट में चालान कर आगे से ऐसा बिल्कुल न करने की सख्त हिदायत दी है। आरोपी एलएलबी का छात्र है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें सिडकुल निवासी यूट्यूबर अपने चैनल पर सब्सक्राइबर, कमेंट और लाइक बढ़ाने के लिए मुफ्त में बियर जगह-जगह छुपाकर बांटने का काम कर रहा था और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा था। वीडियो सामने आते ही एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने तुरंत संज्ञान लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी बीच कार्रवाई का पता चलते ही डरकर यूट्यूबर खुद थाने पहुंचा। उसने ड्राई एरिया होने की जानकारी न होने की बात कहते हुए माफी मांगी।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपी युवक का पुलिस एक्ट में चालान कर उसे स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गई है कि अगर पुनरावृत्ति हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि हरिद्वार धार्मिक आस्था का केन्द्र है ऐसे कृत्य यहां किसी भी सूरत में सहन नहीं किए जाएंगे।