उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में होटल कारोबारी को गोली मारने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस की एक टीम पंजाब के कपूरथला पहुंची और आरोपी के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। इसके साथ ही गांव में मुनादी भी कराई गई।पुलिस के अनुसार, दो जून 2025 को खड़खड़ी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने होटल कारोबारी अरुण निवासी सांपला, रोहतक, हरियाणा को गोली मार दी थी। अरुण काफी समय से हरिद्वार में रहकर लीज पर होटल का संचालन कर रहा है। वारदात के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की थी। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया था।वहीं, मामले में शामिल बॉबी निवासी मोहल्ला प्रेमपुरा, थाना सिटी फगवाड़ा, जिला कपूरथला, पंजाब पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस ने कई बार संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से कुर्की की कार्रवाई के लिए आदेश प्राप्त किया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस टीम पंजाब भेजी गई थी। टीम ने आरोपी के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा करने के साथ ही मुनादी भी कराई है। यदि आरोपी निर्धारित अवधि में न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है तो कोर्ट के आदेशानुसार उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।