टैग... खबर का असर
- रोस्टर पर दफ्तर में ड्यूटी करने पहुंच गई थीं आंगनबाड़ी सहायिकाएं
- खबर प्रकाशित होने पर विभाग मचा हड़कंप, डीपीओ ने जारी की चेतावनी
हरिद्वार। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) हरिद्वार शहर कार्यालय में आंगनबाड़ी सहायिकाओं की चाय-पानी आदि कार्यों के लिए ड्यूटी लगाने का मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। कार्यालय की ओर से हर महीने दो-दो सहायिकाओं की दो पालियों में ड्यूटी का रोस्टर जारी किया गया था और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आदेशों का हवाला देकर दबाव बनाया जा रहा था। मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद बृहस्पतिवार को रोस्टर के अनुसार दो सहायिकाएं आदेश मानकर पहुंच गईं थी। कार्यालय पहुंचीं दो सहायिकाओं को कर्मचारियों ने वापस लौटा दिया। उन्हें बताया गया कि कार्यालय में उनकी ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। डीपीओ धर्मवीर सिंह ने कहा कि सीडीपीओ कार्यालय में पहले से कर्मचारी नियुक्त हैं और उन्हीं से कार्य लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूरत में आंगनबाड़ी सहायिकाओं की ड्यूटी कार्यालय में न लगाई जाए।