- राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में हुई दौड़ प्रतियोगिता
हरिद्वार। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हरिद्वार महानगर की ओर से रन फॉर हरिद्वार दौड़ प्रतियोगिता ऋषिकुल मैदान से रानीपुर मोड़ तक आयोजित की गई। इस अवसर पर परिषद के प्रदेश सह मंत्री आयुष हटवाल ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस केवल एक स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि, युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराने का दिन है। रन फॉर हरिद्वार के माध्यम से हमारा उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है, क्योंकि, स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। जिला संयोजक सूर्य प्रताप राणा ने कहा कि दौड़ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अनुशासित रहने और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश देती है।प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में अंकित कुमार ने प्रथम, रोहित सिंह ने द्वितीय और मोहित रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में नेहा बिष्ट प्रथम, साक्षी शर्मा द्वितीय और प्रिया नेगी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को परिषद की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर परिषद के जिला संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर, जिला प्रमुख राहुल सिंह, मांसी, रुद्राक्षी, प्रशांत, प्रिंस शुक्ला आदि मौजूद रहे।