- गोदामों को सील करने और हटाने के निर्देश भी दिए जाएं
आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ गोदामों पर जताया रोष
बहादराबाद। बहादराबाद क्षेत्र के विभिन्न आवासीय इलाकों में बिना अनुमति कबाड़ के गोदामों के संचालन पर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बहादराबाद, दादूपुर गोविंदपुर, सुमन नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के बीचों-बीच बड़ी संख्या में कबाड़ के गोदाम संचालित किए जा रहे हैं जिससे स्थानीय लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इन गोदामों में हर वर्ष आगजनी की घटनाएं होती हैं। इससे आसपास स्थित मकानों और संपत्ति को नुकसान पहुंचता है। साथ ही धुएं और प्रदूषण से भी क्षेत्रवासियों को दिक्कतें होती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि केवल नोटिस जारी करने तक कार्रवाई सीमित न रखी जाए बल्कि अवैध रूप से संचालित गोदामों को सील करने और हटाने के निर्देश भी दिए जाएं। ग्रामीणों का मानना है कि रिहायशी क्षेत्रों का व्यावसायिक उपयोग नागरिकों के शांतिपूर्ण और सुरक्षित जीवन के अधिकार का उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।