हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने सांसद पप्पू यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया। अखाड़ा परिषद ने इसे संत समाज और सनातन संस्कृति का अपमान बताया है।अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। इसमें पप्पू यादव के पोस्टर जारी किए गए। पोस्टरों में उन्हें भीख मांगते दर्शाया गया था। महामंडलेश्वर ललितानन्द गिरि ने विरोध जताया। श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि संसद जैसे मंच पर साधु-संतों का वेश धारण कर राजनीतिक प्रदर्शन करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का अपमान है। उन्होंने भगवा वस्त्र को त्याग और राष्ट्रधर्म का प्रतीक बताया। श्रीमहंत ने स्पष्ट किया कि जब तक पप्पू यादव सार्वजनिक रूप से क्षमा नहीं मांगते, विरोध जारी रहेगा। महामंडलेश्वर ललितानन्द गिरि ने कहा कि संतों का सम्मान भारत की सनातन परंपरा का आधार है। उन्होंने चेतावनी दी कि माफी न मांगने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।