- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सराय गांव में विवाद के चलते एक युवक पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने पहले पीड़ित के घर पहुंचकर गाली-गलौज की और फिर युवक को उसकी मेडिकल की दुकान पर घेरकर मारपीट की। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, ओमवीर यादव निवासी गांव सराय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 मई की शाम करीब छह बजे वह अपने खेत में पानी दे रहा था। तभी पवन उर्फ कल्लू अपने बेटे अंशुल के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उन्हें और उनके बेटे राजू यादव को जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी थी। आरोप है कि 27 मई को पुलिसकर्मी शिकायत की जांच के लिए घर पहुंचे। इसके बाद से दोनों रंजिश रखने लगे। 28 मई की रात करीब 10:15 बजे पवन उर्फ कल्लू, अंशुल, बिरम सिंह, शेखर और मुकुल लाठी-डंडों व धारदार हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए राजू यादव को तलाशने लगे। राजू अपनी मेडिकल की दुकान पर मिला तो उस पर हमला कर दिया। सिर पर धारदार हथियार से वार करने के साथ ही लाठी-डंडों और ईंट से मारपीट की। घायल राजू को परिजनों ने बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।