मातृसदन के संत से बातचीत करते एसडीएम
- फोटो : amarujala
हरिद्वार। प्रशासन की सख्ती के बाद आखिरकार मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद जल ग्रहण करने को तैयार हो गए, लेकिन उनका अनशन जारी रहेगा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनका मांगपत्र उच्चाधिकारियों को भिजवाया जाएगा। स्वामी शिवानंद ने सोमवार को सुबह से ही अपने आप को पूजा गृह में बंद कर लिया था।
प्रशासन ने उन तक पहुंचने के लिए तीन दरवाजों के ताले तुड़वाए।
मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद 29 फरवरी से कुंभ क्षेत्र के विस्तार और अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर अनशन पर हैं। स्वामी शिवानंद ने चार मार्च से जल का भी त्याग कर दिया था। सोमवार को एसडीएम प्रत्यूष सिंह और सीओ सिटी चंद्र मोहन सिंह पुलिस बल के साथ मेला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम लेकर उनके स्वास्थ्य जांच के लिए मातृसदन पहुंचे। टीम आने की सूचना पर मातृसदन के अनुयायियों ने दरवाजों पर ताले लगा दिए।
पुलिस ने ताले तोड़ कर दोनों अनशनकारी संतों तक पहुंचने का प्रयास किया । इस दौरान उनके अनुयायी विरोध करते रहे। पूजा गृह के दरवाजे से पहले लगी ग्रिल का ताला भी तोड़ दिया था। दरवाजे का ताला तोड़ने से पहले अधिकारियों ने उनको मनाने की कोशिश की। अंत में स्वामी शिवानंद प्रशासन के अधिकारियों इस आश्वासन पर राजी हो गए कि उनका मांगपत्र शासन को भेजा जाएगा। शिवानंद ने कहा कि वे तीन दिन तक जल ग्रहण करेंगे यदि मांग नहीं मानी गई तो फिर से जल त्याग कर देंगे। शिष्य आत्मबोधानंद का स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर भी मान गए। इस पूरे घटनाक्रम पर देहरादून तक से भी निगाहें लगी रही।