रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए ससुराल से मायके जाने वाली बहनें रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगीं। 24 घंटे तक ये योजना लागू रहेगी। रोडवेज ने रक्षाबंधन पर्व को लेकर तैयारी कर ली है। अतिरिक्त बसों को चलाने के साथ ही कुछ बसों के फेरे बढ़ाने की भी तैयारी की गई है।
रक्षाबंधन 11 अगस्त को है। त्योहार पर भाइयों को राखी बांधने के लिए बहनें अपने मायके जाती हैं। इसको देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की ओर से बहनों के लिए 24 घंटे तक बस यात्रा नि:शुल्क रखने की घोषणा की गई है।
हरिद्वार से देहरादून, ऋषिकेश, रुड़की, मंगलौर, भगवानपुर और लक्सर रूट की बसों में बहनें ज्यादा सफर करेंगी। रोडवेज अफसरों ने इन रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है।
11 की मध्यरात्रि तक होगा मुफ्त सफर
रक्षाबंधन पर बहनों के लिए मुफ्त सफर की योजना 10 अगस्त की रात 12 बजे से शुरू हो जाएगी। जबकि अगले दिन 11 अगस्त की मध्यरात्रि तक ये योजना रहेगी। 24 घंटे तक बहनें रोडवेज बसों में सफर कर पाएंगी। जबकि उनके साथ में बच्चे या अन्य परिवार के सदस्यों को बस का किराया अदा करना होगा। राज्य के अंदर कहीं भी रोडवेज बसों में रक्षाबंधन पर बहनें मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसकी सभी तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। अतिरिक्त बसें लगाने के साथ ही फेरे बढ़ाने की तैयारी की गई है।