पीसीएस अधिकारी बने अभिषेक को किया सम्मानित
हरिद्वार। वैश्य एकता परिषद के पदाधिकारियों ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर अधिकारी बने अभिषेक अग्रवाल का सम्मान किया। लक्सर के निरंजनपुर निवासी अभिषेक अग्रवाल को उनके आवास पर पुष्प गुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र हरिद्वार के संस्थापक अशोक अग्रवाल ने कहा कि अभिषेक अग्रवाल ने समस्त वैश्य समाज का मान बढ़ाया है। उन्होंने एकाग्रता और कड़ी मेहनत को सफलता की कुंजी बताया। वैश्य एकता परिषद के संयोजक पराग गुप्ता और लक्सर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अमरीश गर्ग ने भी अभिषेक और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा उन्नति का सबसे सशक्त माध्यम है। वैश्य समाज के युवा शिक्षा प्राप्त कर अपना और अपने परिवार का भविष्य उज्ज्वल बना रहे हैं। वे देश और समाज की सेवा में भी योगदान दे रहे हैं, जिससे अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। स्वागत करने वालों में अरविंद अग्रवाल, सुवेश अग्रवाल और वेदप्रकाश गुप्ता आदि शामिल थे।