- सिडकुल थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितयों में कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। प्रथम दृष्टया में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है हालांकि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। थानाध्यक्ष अजय शाह के अनुसार, बुधवार को रोशनाबाद निवासी बिंदरपाल ने थाने में सूचना दी कि शनि मंदिर के पास एक युवक ने फांसी लगा ली है। सूचना पर कोर्ट चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान बनारसी (22) पुत्र विमलेश निवासी ग्राम लंगेश्वर बिघाह, थाना अकोड़ी गोला, जनपद रोहतास बिहार के रूप में हुई है। वह अपने भाई इंद्र कुमार के साथ रोशनाबाद में कृष्ण कुमार के मकान में रह रहा था। एसओ ने बताया कि सुबह काफी देर तक जब बनारसी बाहर नहीं आया तो उसके भाई ने सुबह करीब आठ बजे ने कमरे में लगे कैमरे की जांच की तो बनारसी फंदे पर लटका दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया। फिलहाल कारणों का पता नहीं चल पा रहा है, जांच की जा रही है।