- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने जेल भेजा
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में ज्योति नामक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन किलो 122 ग्राम गांजा बरामद किया। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेना गया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम रेल चौकी प्रभारी समीप पांडेय और महिला एसआई सोनल रावत टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि लाल मंदिर चक्की वाली गली में अवैध गांजे की बिक्री हो रही है। सूचना पर पहुंची टीम ने एक बिना प्लास्टर वाले मकान के बाहर संदिग्ध हालत में बोरा लिए बैठी महिला को पकड़ा। बोरे से तीन किलो 122 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ज्योति निवासी लाल मंदिर चक्की वाली गली, ज्वालापुर बताया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी के अनुसार, महिला ने बताया कि उसे गांजा मुरादाबाद निवासी शान बाबा ने दिया था जिसे वह छोटे हिस्सों में बेचने की फिराक में थी। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद