- कनखल कोतवाली क्षेत्र की घटना, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई महिला
- पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, पुलिस-सीआईयू की टीमें तलाश में जुटी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची का अपहरण कर लेने का मामला सामने आया है। बच्ची को अगवा कर ले जाते हुए एक महिला सीसीटीवी कैमरें में कैद हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस व सीआईयू की टीमें गठित करते हुए जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, विनोद सोलंकी पुत्र रमेश सोलंकी निवासी ठोकर नंबर-10 झुग्गी-झोपड़ी, बैरागी कैंप कनखल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी तीन वर्षीय पुत्री राधिका शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे घर के बाहर खेलने के लिए गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, उसका कहीं पता नहीं चल सका। फिर पिता ने कोतवाली पहुंचकर बच्ची के लापता होने की सूचना दी। इधर, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरें खंगाले तो एक महिला बच्ची को अगवा करने के बाद गोद में ले जाने के बाद ऑटो में बैठकर जाते हुए दिखाई दी। तब सामने आया कि बच्ची को अगवा कर ले जाया गया है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत अज्ञात में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली। एसएसपनी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बच्ची और आरोपी महिला की तलाश में पुलिस-सीआईयू की टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही बच्ची को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।