हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र के आचार्यान मोहल्ले में बुधवार को मधुमक्खी के छत्ते से निजात पाने के लिए किया गया प्रयास महंगा पड़ गया। छत्ते में धुआं करने के दौरान उठी चिंगारी से मकान की छत पर बने स्टोर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने वहां रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि स्टोर में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना में किसी के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग ने आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई। एफएसओ बीरबल सिंह ने बताया कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई। संवाद