- गवाही से मुकरने का बनाया दबाव
बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने कोर्ट में गवाही देने जाते समय गांव के तीन युवकों की ओर से रास्ता रोककर गवाही से मुकरने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, बहादराबाद निवासी सुशील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार को एक मुकदमे में गवाही देने के लिए कोर्ट जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही मोनू, रोबिन और सिंटू ने उन्हें रोक लिया। तीनों ने गवाही न देने का दबाव बनाते हुए 40 हजार रुपये लेने की बात कही। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कहा कि इन लोगों से उन्हें और उनके परिवार को खतरा है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-