- सिडकुल थाना क्षेत्र मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी में लोडिंग के दौरान हुए विवाद में दो चालकों ने एक अन्य ड्राइवर के साथ मारपीट कर दी। इस घटना में चालक के सिर और पैर में चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, मौ. फाजिल पुत्र बाबू निवासी रुस्तमनगर सहसपुर, थाना बिलारी, जिला मुरादाबाद ने तहरीर में बताया कि वह 11 अप्रैल को अपने मालिक दानिश की गाड़ी लेकर कंपनी में माल लोडिंग के लिए आया था। 12 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे मालिक की दूसरी गाड़ी के चालक तफसान निवासी थाना नखासा, जिला संभल और फैजी निवासी जिला अमरोहा से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने फाजिल के साथ मारपीट की जिससे उसके सिर और टांग में चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद दोनों जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घायल फाजिल ने उपचार कराने के बाद 14 अप्रैल को सिडकुल थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।