सुल्तानपुर। खानपुर ब्रह्मपुर गांव के निवासी और सरकारी राशन डीलर मोहन सिंह की ओर से राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं बरतने का मामला सामने आया है।ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच कर राशन डीलर की दुकान को निलंबित कर दिया है। साथ ही लक्सर कोतवाली में उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।बताया गया कि मोहन सिंह बीते कई महीनों से ग्रामीणों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दे रहा था। ग्रामीणों की ओर से लगातार की जा रही शिकायतों के आधार पर जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार लक्सर की निगरानी में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और खाद्य आपूर्ति निरीक्षक की तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जिसमें कई गड़बड़ियां मिलीं। जांच में पाया गया कि मार्च और अगस्त माह में राशन कार्डधारकों को पूरा राशन नहीं दिया गया। वहीं अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी नहीं वितरित की गई। इसके अलावा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले राशन में भी हर माह 5 से 10 किलो तक की कटौती की जा रही थी। तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि राशन डीलर मोहन सिंह की दुकान को निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर लक्सर कोतवाली में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथान ने बताया कि राशन डीलर मोहन सिंह के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद