हरिद्वार। रानीपुर पुलिस ने साढे़ पांच किलो डोडा पाउडर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि भेल स्थित राजकीय इंटर कालेज के पास से गंगाराम उर्फ गंगवा निवासी जोगिया मंडी रामप्रसाद गली हरिद्वार को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से साढे़ पांच किलो डोडा पाउडर बरामद हुआ है। डोडा पाउडर की कीमत लगभग 50,500 रुपये है। पूर्व में भी गंगवा कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा। उसपर डकैती, हत्या, लूट का मुकदमा भी दर्ज है। दो वर्ष पूर्व इसने अपने साथियों के साथ मिलकर श्यामपुर वन निगम चेक पोस्ट पर लाठी डंडों से लैस होकर हमला किया था। इस दौरान वन निगम के चौकीदार रमेश की हत्या कर सरकारी कागजात लूट लिए थे। उसपर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।