अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
मेला भुगतान समेत आठ सूत्री मांगो को लेकर हरिद्वार डिपो के रोडवेज कर्मचारियों ने डिपो कार्यालय पर सोमवार को धरना दिया।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जल सिंह ने बताया कि कर्मचारियों का कुंभ मेला भुगतान यथाशीघ्र दिया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में कर्मचारी और अधिकारी चालकों को बेवजह परेशान करते हैं। कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों की वार्षिक एंट्री को अधिकारी जानबूझकर खराब कर रहे हैं। इसके अलावा चालकों को पहले की भांति क्रू चलाने, चंडीगढ़ मार्ग पर गलत कार्य करने वाले चालक-परिचालकों को हटाने, धक्का मार गाड़ियों में नई बैटरी लगवाने और शिमला तथा राजस्थान की गाड़ियों में अवैध रूप सवारी बैठाने पर रोक लगाने जैसी मांगे प्रमुख है। शाखा मंत्री प्रवीण सैनी ने कहा कि निगम प्रबंधन ने 2016 कुंभ मेले में तीन सौ कर्मचारियों का भुगतान नहीं किया है। जबकि 11 अधिकारियों को भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन जल्द ही भुगतान पर कार्रवाई नही करेगा तो संगठन पूर्ण कार्य बहिष्कार आंदोलन करेगा। धरना देने वालों में अध्यक्ष जल सिंह, शाखा मंत्री प्रवीण कुमार सैनी, वेदप्रकाश, जयपाल, किरनपाल, अंबेश, मांगेराम, पिंटु पंचम, रफल सिंह, तेलुराम, विनोद, आकिल, योगेश शर्मा, प्रकाश चंद बोठियाल, वीर सिंह आदि मौजूद रहे।