ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे को दिल्ली ट्रांसफर करने की तैयारी चल रही है।
शनिवार को योग गुरु स्वामी रामदेव ने संतों के प्रतिनिधिमंडल के साथ एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी से मुलाकात कर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। देर शाम पुलिस ने सीताराम येचुरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मालूम हो कि सीताराम येचुरी ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान यह बयान दिया था लिहाजा घटनास्थल दिल्ली का ही है। इसलिए स्थानीय पुलिस ने मुकदमे को दिल्ली ट्रांसफर करने की तैयारी कर ली है। सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि घटनास्थल दिल्ली का है, इसलिए जांच की जिम्मेदारी भी दिल्ली पुलिस की है। मुकदमा दर्ज कर लिया था, अब उसे उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दिल्ली भेजा जा रहा है।