- रावली महदूद में लगाया गया स्वास्थ्य शिविर
सिडकुल। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से गांव रावली महदूद में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी जांच कराई। शिविर में एमडी (प्राकृतिक चिकित्सा) डॉ. नीरज शेरवाल ने मरीजों को आधुनिक जीवनशैली में प्राकृतिक और आयुर्वेदिक चिकित्सा के महत्व को समझाया। मरीजों को आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के आधार पर निशुल्क परामर्श दिया गया। डॉ. शेरवाल ने मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार सही खान-पान और दिनचर्या में बदलाव करने के टिप्स दिए। लोगों को रसोई और आसपास मौजूद प्राकृतिक चीजों से घरेलू उपचार करने के तरीके सिखाए गए। जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क वनौषधियां भी बांटी गईं। शिविर के दौरान कुल 40 मरीजों का पंजीकरण कर उनका परीक्षण और उपचार किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह के शिविरों से घर के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह मिल जाती है जो बेहद मददगार रहती है।