मुद्रा ऋण योजना में 14 लाख 50 हजार रुपये का सात फीसदी की दर से लोन दिलवाने का झांसा देकर चार लोगों ने एक व्यक्ति से 2.91 लाख रुपये की ठगी कर ली। रुपये वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिडकुल थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल के मुताबिक कृष्णा विहार कालोनी डैंसो चौक सिडकुल निवासी राजेंद्र कुमार प्रजापति ने शिकायत देकर बताया कि उसकी आर्थिक हालत खराब थी। वह बैंक से ऋण लेना चाहता था। लेकिन बैंक से लोन नहीं मिल रहा था। इस दौरान उसकी मुलाकात अश्विनी कुमार से हुई। जिसने उसका ऋण स्वीकृत करवाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि अश्वनी ने 14 लाख 50 हजार रुपये का लोन सात फीसदी की ब्याज दर से स्वीकृत कराने के एवज में 2 लाख 91 हजार रुपये ले लिए। अश्विनी ने करतार बख्त, मीनाक्षी और नीरज से लोन कराने वाले अधिकारी बताकर मिलवाया था। लोन नहीं होने पर जब सभी लोगों से संपर्क किया गया तो उसके साथ बदसलूकी की। जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल ने बताया कि इस मामले चार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।