ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
केदारनाथ में हेलीकॉप्टर सेवाओं की स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर टूर ऑपरेटर एसोसिएशन ने सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई है।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए टूर ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक अहलूवालिया ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा को लेकर गंभीर नहीं है। जिस कारण ट्रेवल्स व्यवसायी चारधाम यात्रियों को हेलीकॉप्टर यात्रा की सही जानकारियां नहीं दे पा रहे हैं। बुकिंग नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में लगातार देरी की जा रही है। जिसका असर चारधाम यात्रा पर असर पड़ेगा। अभिषेक अहलूवालिया ने कहा कि हेलीकॉप्टर से यात्रा शुरू नहीं की जा रही है तो विकल्प के तौर पर अन्य संसाधन भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। सुमित श्रीकुंज और आशुतोष ने कहा कि चारधाम यात्रा देश भर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था से जुड़ी हुई यात्रा है। सरकार को हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ करने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए। इस अवसर पर अजीत, नवीन, बंटी, सुनील, प्रतीक, संजू, चंद्रकांत कोठारी आदि भी मौजूद रहे।