हरिद्वार। एएचटीयू की टीम ने ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत 10 वर्षीय बालिका को रेस्क्यू किया है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि गुमशुदा बच्चों की तलाश के दौरान शनिवार को रोड़ीबेलवाला पार्किंग क्षेत्र के पास सर्दी में भटक रही बालिका को देखा। बालिका यात्रियों से भोजन और पैसे मांग रही थी। पूछताछ में उसने अपना नाम और पता शास्त्री पार्क, दिल्ली बताया। कुछ दिन पूर्व बिना बताए ट्रेन से हरिद्वार आ गई थी। मेडिकल कराने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। काउंसलिंग के बाद बालिका को खुला आश्रय गृह ज्वालापुर में सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है। परिजनों की तलाश की जा रही है। इस संबंध में जानकारी हो तो 8077137481 पर दी जा सकती है।