लोहाघाट (चंपावत)। पति का साया सिर से उठने के बाद आर्थिक तंगी में बच्चों का भरण करने वाली पाटी ब्लाॅक के दूरस्थ बिनवाल गांव निवासी मीना के लिए यूट्यूबर प्रकाश पहाड़ी देवदूत बनकर आए। प्रकाश ने गरीब महिला के जीर्णशीर्ण भवन की मरम्मत के लिए एक लाख रुपये का चेक प्रदान कर इंसानियत तो दिखाई ही साथ ही सरकार के नुमाइंदों को आइना भी दिखाया है।
ग्राम प्रधान खीमानंद बिनवाल ने बताया कि बिनवाल गांव निवासी मीना के पति देवकीनंदन का कुछ समय पूर्व निधन हो गया है। पूर्व में भी प्रकाश ने मीना के बीमार पति के इलाज और बच्चों की पढ़ाई के लिए 50 हजार का सहयोग किया था। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के लिए भविष्य में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रकाश पहाड़ी कई दिव्यांग, विधवा और गरीब कन्याओं के विवाह के लिए लगातार सहयोग करते रहे हैं।
प्रकाश के पिता शेरनाथ पूर्व प्रधान और माता भुवंती देवी पूर्व बीडीसी सदस्य रह चुकी हैं। उन्होंने बताया कि विधवा मीना के पास एक राशन कार्ड तक नहीं है। प्रकाश पहाड़ी इस सेवा भाव की ग्राम प्रधान खीमानंद बिनवाल, केशर सिंह नौलिया, ललित, कमला खोलिया, लीलावती बिनवाल आदि ने सराहना की है। मीना ने सहयोग के लिए प्रकाश पहाड़ी का आभार जताया है।