चंपावत के पुलिस लाइन में होम गार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान बाल थ्रो करता अभ्यर्थी। संवाद
चंपावत। नगर के पुलिस लाइन में होम गार्ड की भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया गया। छह दिन तक चलने वाली भर्ती प्रक्रिया में प्रतिदिन 200 अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा होगी। पहले दिन 104 अभ्यर्थियों ने पसीना बहाया। इस दौरान नौ किमी दौड़, बॉल थ्रो और लंबी कूद हुई। बारिश के बीच लंबी कूद थोड़ी देर में हुई। शनिवार को लोहाघाट, टनकपुर चंपावत आदि क्षेत्रों से आए युवाओं ने भर्ती के लिए जोश दिखाया। कई युवा भर्ती के लिए कई सपने लेकर पहुंचे थे। किसी पर परिवार, किसी पर बच्चों, किसी पर बहनों की जिम्मेदारी थी। सभी ने दमखम दिखाकर अपना बेहतर प्रदर्शन किया। जिला होम गार्ड कमांडेंट जुगल किशोर भट्ट ने बताया कि भर्ती के लिए 951 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। प्रतिदिन 200 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। भर्ती प्रक्रिया छह दिन चलेगी। 12 जून को रिजर्व डे रखा गया है। एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार, सीओ टनकपुर निहारिका सेमवाल की देखरेख में भर्ती प्रक्रिया हुई। इस दौरान होम गार्ड और पुलिस कर्मियों ने सहयोग किया।