बनबसा (चंपावत)। शारदा बैराज पुलिस चौकी कर्मियों ने अवैध रूप से 55,000 की भारतीय मुद्रा नेपाल ले जा रहे एक युवक को पकड़कर कस्टम के सुपुर्द कर दिया। कस्टम ने भारतीय करेंसी जब्त कर आरोपी पर कस्टम एक्ट में केस दर्ज कर उसे छोड़ दिया है। कस्टम में उस पर फेमा एक्ट में मुकदमा चलेगा।
शनिवार को शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई हेमंत सिंह कठायत, एचसी जगबीर सिंह, रघुनाथ गोस्वामी, नईम कुरैशी, भुवन जोशी आदि भारत-नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग पर थे। तभी वहां आजाद नगर कॉलोनी बरेली निवासी हर्षित गुप्ता (30) के पास से 55,000 की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
पूछताछ में वह रुपये के बारे में संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया और न ही कोई प्रपत्र ही प्रस्तुत कर सका। उसके पास मिले सभी नोट पांच सौ के हैं जो नेपाल ले जाना प्रतिबंधित है। बता दें कि भारत से नेपाल के लिए अधिकतम 25 हजार की भारतीय मुद्रा ही ले जाई जा सकती है। बता दें कि पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में पिछले वर्ष से अब तक 20,56,000 रुपये की भारतीय मुद्रा पकड़कर कस्टम के सुपुर्द की है।