चंपावत। जिले में आवासीय क्रीडा छात्रावासों में बालक-बालिकाओं के प्रवेश के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 14 और 15 जून को होंगे। प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी चंदन बिष्ट ने बताया कि 14 और 15 को बालक, बालिकाओं के फुटबाल, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बालिकाओं के हॉकी, बालकों के वाॅलीबाल, क्रिकेट ट्रायल गोरलचौड़ मैदान चंपावत और स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में होंगे।
उन्होंने बताया कि इस चयन प्रक्रिया के बाद प्रत्येक खेल में पांच-पांच खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के लिए भेजा जाएगा। प्रदेश स्तरीय ट्रायल 18 से 19 जून तक आयोजित किए जाएंगे। बालक, बालिकाओं के फुटबाल ट्रायल पवेलियन ग्राउंड देहरादून, बॉक्सिंग के स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर, एथलेटिक्स के एथलेटिक्स ग्राउंड प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम देहरादून, बैडमिंटन के इंडोर स्टेडियम कंडोलिया पौड़ी गढ़वाल और बालिकाओं के हॉकी ट्रायल वंदना कटारिया स्टेडियम हरिद्वार, बालकों के वाॅलीबाल ट्रायल स्पोट्स स्टेडियम गोपेश्वर, बालकों के क्रिकेट ट्रायल क्रिकेट ग्राउंड महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में होंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी खेल कार्यालय चंपावत और टनकपुर स्टेडियम से फार्म और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।